रायपुर। अपराधों की रोकथाम और न्यायालय परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से एण्टी क्राईम एंड साइबर यूनिट ने न्यायालय परिसर में आकस्मिक चेकिंग अभियान चलाया। यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला के निर्देश पर 29 जनवरी 2026 को की गई।
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त एवं सहायक पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) के नेतृत्व में यूनिट की 20 सदस्यीय विशेष टीम ने न्यायालय परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सघन जांच की। इस दौरान आने-जाने वाले लोगों पर पैनी नजर रखी गई और संदिग्ध व्यक्तियों से गहन पूछताछ की गई।
चेकिंग के दौरान 3 व्यक्तियों के कब्जे से आपत्तिजनक वस्तुएं बरामद की गईं, जिनके खिलाफ थाना सिविल लाइन में प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। वहीं कुछ अन्य संदिग्धों की पृष्ठभूमि जांच के बाद उन्हें कड़ी चेतावनी देकर छोड़ दिया गया।
अभियान के दौरान अधिवक्ताओं, न्यायालय कर्मचारियों और आम नागरिकों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया गया। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक तत्वों पर लगाम कसने के लिए ऐसे आकस्मिक चेकिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।




