मुंबई/बारामती: महाराष्ट्र के बारामती जिले में एक दुखद हादसे में राज्य के डिप्टी CM और NCP प्रमुख अजित पवार का विमान क्रैश हो गया। इस दुर्घटना में उनके साथ सवार अन्य लोग भी मारे गए। अजित पवार आज सुबह मुंबई से बारामती के लिए रवाना हुए थे, जहां उन्हें एक सार्वजनिक सभा को संबोधित करना था।
शुरुआती जीवन और पढ़ाई
अजित पवार का जन्म 22 जुलाई 1959 को अहमदनगर जिले के देवलाली प्रवरा में हुआ। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा महाराष्ट्र एजुकेशन सोसाइटी हाई स्कूल, बारामती से प्राप्त की। कॉलेज के दिनों में उनके पिता का निधन हो गया, जिससे पढ़ाई बीच में ही छूट गई और वह राजनीति में सक्रिय हो गए।
परिवार और फिल्मी कनेक्शन
अजित पवार के पिता अनंतराव पवार का फिल्मी दुनिया से संबंध था। वह वी शांताराम के राजकमल स्टूडियो में काम करते थे। लेकिन अजित का झुकाव राजनीति की तरफ था। उन्होंने अपने चाचा शरद पवार से राजनीति का हुनर सीखा और ग्राउंड लेवल पर कार्यकर्ता के साथ मजबूत संपर्क बनाकर एनसीपी के जनाधार को बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई।
अजित पवार के परिवार में उनकी पत्नी सुनेत्रा पवार और दो बेटे पार्थ पवार और जय पवार हैं।
राजनीतिक जीवन और करियर
अजित पवार को महाराष्ट्र की राजनीति में एक मंझा हुआ नेता माना जाता था। उनकी छवि गंभीर और रणनीतिक नेता की थी। उन्होंने छोटे कार्यकर्ताओं से लेकर पार्टी नेतृत्व तक मजबूत रिश्ते बनाए रखे। उन्हें अक्सर शरद पवार का राजनीतिक वारिस माना जाता था।
हालांकि, साल 2022 में उनके और चाचा शरद पवार के बीच मतभेद सामने आए। इस दौरान अजित पवार ने BJP के साथ गठबंधन कर महाराष्ट्र सरकार में डिप्टी CM का पद ग्रहण किया।
अजित पवार का योगदान
अजित पवार ने पार्टी के जनाधार को मजबूत करने में सक्रिय भूमिका निभाई। उनके करियर में राजनीतिक दूरदर्शिता, कार्यकर्ताओं के साथ घनिष्ठ संबंध और रणनीतिक निर्णयों की अहमियत रही।



