बिलासपुर/कोरबा। एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB), बिलासपुर ने कोरबा जिले के दीपका में सीएसपीडीसीएल (विद्युत विभाग) के सहायक अभियंता सत्येंद्र दिवाकर को 50,000 रुपए रिश्वत लेते हुए पकड़ा। आरोप है कि अभियंता ने खेत में ट्रांसफार्मर लगाने के नाम पर किसान से अतिरिक्त पैसे की मांग की थी।
डीएसपी एसीबी बिलासपुर अजितेश सिंह ने बताया कि शिकायतकर्ता श्यामता टंडन ने बताया कि उनके मित्र के पिता की कृषि जमीन में ट्रांसफार्मर लगाने के लिए दिवाकर ने निरीक्षण के बाद नाश्ता-पानी और चालान के नाम पर 80,000 रुपए की मांग की। पहले से 30,000 रुपए दे दिए जाने के बावजूद शेष 50,000 रुपए को वह रिश्वत के तौर पर देने से बचना चाहता था और इस राशि के माध्यम से आरोपी को फंसाना चाहता था।
शिकायत की पुष्टि के बाद एसीबी ने ट्रैप की योजना बनाई। 28 जनवरी को निर्धारित राशि 50,000 रुपए देने के बाद दिवाकर को दीपका स्थित कार्यालय में घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया गया। एसीबी ने आरोपी के पास से रिश्वत की पूरी राशि भी बरामद कर ली।
अभियुक्त के खिलाफ धारा 7 भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 के तहत मामला दर्ज किया गया है और आगे की कार्रवाई जारी है।



