दंतेवाड़ा। जिले में एनएमडीसी की स्लरी पाइपलाइन परियोजना में लगी एक पोकलेन मशीन को अज्ञात लोगों ने बीती रात आग के हवाले कर दिया। यह घटना बचेली थाना क्षेत्र अंतर्गत हेंद्री पेट्रोल पंप के पीछे की बताई जा रही है।
गौरतलब है कि बीते तीन दिनों के भीतर यह दूसरी पोकलेन मशीन है जिसे जलाया गया है, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। एनएमडीसी जगदलपुर से किरंदुल तक स्लरी पाइपलाइन बिछा रही है, जिसके माध्यम से लौह चूर्ण का परिवहन किया जाना है। इस परियोजना का कार्य एल एंड टी (L&T) कंपनी द्वारा किया जा रहा था, और जलाई गई पोकलेन मशीन भी उसी कंपनी की बताई जा रही है।
मामले पर दंतेवाड़ा एसपी गौरव राय ने नक्सली घटना होने से इनकार किया है। उन्होंने कहा कि यह नक्सली वारदात नहीं है और पुलिस जल्द ही आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी करेगी। पुलिस ने मौके का मुआयना कर जांच शुरू कर दी है।



