रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में राज्य मंत्रिपरिषद (साय कैबिनेट) की एक महत्वपूर्ण बैठक कल आयोजित होने जा रही है। इस बैठक में कई अहम नीतिगत और प्रशासनिक प्रस्तावों पर चर्चा होगी। सबसे प्रमुख एजेंडे में रायपुर पुलिस कमिश्नरी प्रणाली से जुड़ा प्रस्ताव शामिल है, जिस पर अंतिम मुहर लगने की पूरी संभावना जताई जा रही है।
यह भी पढ़े :- Nitin Nabin Networth: कितने अमीर हैं BJP के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन? पत्नी के पास करोड़ों की प्रॉपर्टी
सूत्रों के अनुसार, कैबिनेट बैठक में पुलिस कमिश्नरी प्रणाली के अधिकार क्षेत्र और प्रशासनिक सीमाओं को अंतिम स्वीकृति दी जा सकती है। प्रस्ताव के मंजूर होने की स्थिति में रायपुर के साथ नवा रायपुर को भी पुलिस कमिश्नरी क्षेत्र में शामिल किया जाएगा। इससे राजधानी क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी।
यदि पुलिस कमिश्नरी प्रणाली लागू होती है, तो पुलिस प्रशासन को त्वरित निर्णय लेने और अपराध नियंत्रण के लिए अधिक अधिकार मिलेंगे। इस व्यवस्था के तहत पुलिस आयुक्त को मजिस्ट्रेटी शक्तियां भी प्राप्त होंगी, जिससे कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों में तत्काल कार्रवाई संभव हो सकेगी। मंजूरी के बाद राज्य सरकार द्वारा इसकी अधिसूचना जारी की जाएगी।
कैबिनेट बैठक में गणतंत्र दिवस के अवसर पर राज्यपाल द्वारा दिए जाने वाले अभिभाषण के प्रारूप को भी स्वीकृति दी जा सकती है। इसमें राज्य सरकार की उपलब्धियों, आगामी योजनाओं और विकास कार्यों का उल्लेख होगा।
इसके अलावा बैठक में धान खरीदी, उठाव और स्टॉक मिलान में सामने आ रही गड़बड़ियों की भी समीक्षा होगी। हाल के दिनों में धान खरीदी से जुड़ी अनियमितताओं की शिकायतें सामने आई हैं। कैबिनेट इस विषय पर चर्चा कर सुधारात्मक कदम उठाने और किसानों को समय पर भुगतान व पारदर्शिता सुनिश्चित करने के निर्देश दे सकती है।



