रायपुर। रायपुर पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘‘ऑपरेशन निश्चय’’ के तहत एक बार फिर बड़ी कार्रवाई करते हुए 29 ग्राम प्रतिबंधित मादक पदार्थ हेरोइन (चिट्टा) के साथ एक आरोपी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। जप्त मादक पदार्थ की अनुमानित बाजार कीमत करीब 2 लाख 90 हजार रुपये है।
पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज अमरेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशन में चल रहे इस अभियान के तहत थाना आमानाका को 18 जनवरी 2026 को मुखबीर से सूचना मिली कि नया बायपास बिलासपुर रोड, टाटीबंद क्षेत्र में वीर सिंह चाय ठेले के पास एक व्यक्ति सफेद टोपी वाली जैकेट और सफेद-काले लोअर में खड़ा है, जो हेरोइन (चिट्टा) बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहा है।
ये भी पढ़े :- दुष्कर्म केस की धमकी देकर मकान और जेवरात लिखवाए, महिला पर ब्लैकमेलिंग के आरोप
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी आमानाका के नेतृत्व में विशेष टीम ने मौके पर पहुंचकर मुखबीर द्वारा बताए गए व्यक्ति की पहचान की और उसे घेराबंदी कर पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सतनाम सिंह उर्फ लॉडी बताया। उसका स्थाई पता ग्राम लंडेपिंड, थाना समालसर, जिला मोगा (पंजाब) है, जबकि वर्तमान में वह बीएयूपी कॉलोनी, जरवाय, थाना कबीर नगर, रायपुर में रह रहा है।
आरोपी की तलाशी में उसके कब्जे से 29 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद किया गया। आरोपी के विरुद्ध थाना आमानाका में अपराध क्रमांक 20/26 धारा 21 (B) NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है।



