रायपुर। रायपुर के गोबरा नवापारा इलाके में भीड़भाड़ का फायदा उठाकर झपटमारी करने वाले एक आरोपी को पुलिस ने तुरंत गिरफ्तार कर लिया है। घटना के दौरान आरोपी ने एक व्यक्ति से 8,000 रुपये नकद छीनकर भागने की कोशिश की, लेकिन लोगों और पुलिस की सतर्कता से वह फरार नहीं हो सका।
जानकारी के अनुसार, 18 जनवरी 2025 को जैन समाज के दिगंबर संतों के आगमन पर स्वागत रैली निकाली गई थी। रैली नवापारा थाना से आगे FCI गोदाम के पास विप्र भवन के सामने पहुंची थी, जहां काफी भीड़ जमा थी। इसी दौरान प्रार्थी रमेश तिवारी के पीछे से एक हट्टा-कट्टा युवक ने उनकी जेब से 8,000 रुपये नकद झपट लिए और भागने लगा।
ये भी पढ़े :- बार-बार फोन करने पर भड़का पति, पत्नी पर हमला कर तोड़ा हाथ
रमेश तिवारी ने तुरंत चीखकर लोगों को सूचित किया और दौड़कर आरोपी का पीछा किया। भीड़ में मौजूद अन्य लोगों और मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को घेराबंदी कर पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम निलेश मेश्राम बताया, जो दुर्ग जिले के भिलाई स्थित लक्ष्मी नगर सुपेला का निवासी है। गोबरा नवापारा थाना पुलिस ने प्रार्थी की रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 20/2026 धारा 304(2) BNS के तहत मामला दर्ज किया। आरोपी ने घटना को अंजाम देने की बात कबूल ली। मौके पर गवाहों के सामने उसके पास से 8,000 रुपये बरामद कर लिए गए। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर रायपुर न्यायालय भेज दिया गया है।
गिरफ्तार आरोपी
निलेश मेश्राम (उम्र 32 वर्ष), पिता स्व. चिंताराम मेश्राम, निवासी मकान नंबर 176, लक्ष्मी नगर सुपेला, भिलाई (प्रियदर्शिनी स्कूल के पास), जिला दुर्ग, छत्तीसगढ़।



