नारायणपुर। जिले में अबूझमाड़ के घने जंगलों में सुरक्षा बलों ने नक्सलियों की एक बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया है। आदिंगपार-कुमेरादी क्षेत्र में चलाए गए संयुक्त सर्च ऑपरेशन के दौरान 82 बैरल ग्रेनेड लॉन्चर (बीजीएल) सेल बरामद किए गए हैं।
ये बीजीएल सेल प्लास्टिक शीट में लपेटकर जमीन में दफन किए गए थे, जिन्हें नक्सली सुरक्षा बलों के खिलाफ बड़े हमलों और हिंसक गतिविधियों के लिए इस्तेमाल करने की तैयारी में रखे हुए थे। इन विस्फोटक सामग्रियों की बरामदगी से संभावित बड़ी घटना को टाल दिया गया है।
ये भी पढ़े :-गरियाबंद में नक्सलवाद को बड़ा झटका, 8 नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण
इस सफलता के पीछे नारायणपुर पुलिस, इंडो-तिब्बतन बॉर्डर पुलिस (आईटीबीपी) और जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी) की संयुक्त टीम की खुफिया सूचना पर आधारित गहन तलाशी अभियान है। ओरछा, रायनार और धनोरा से लेकर आदिंगपार-कुमेरादी तक फैले इस ऑपरेशन में बीजीएल सेल के अलावा आईईडी निर्माण में इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्री भी जब्त की गई।



