रायपुर। राजधानी के खमतराई थाना क्षेत्र में टाटा मोटर्स की ट्रक डीलरशिप रामा मोटोकॉर्प प्राइवेट लिमिटेड में आंतरिक ऑडिट के दौरान बड़ा वित्तीय घोटाला सामने आया है। पूर्व मैनेजर ने पार्ट्स की बिलिंग में हेराफेरी कर पांच सालों में 70 लाख रुपये से अधिक की रकम गबन कर ली। मामला उजागर होने के बाद आरोपी फरार हो गया। जनरल मैनेजर की शिकायत पर पुलिस ने धोखाधड़ी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ये भी पढ़ें : – भाठागांव ISBT में भीषण आग, पार्किंग में खड़ी 5 बसें जलकर खाक
पीड़ित कंपनी के जनरल मैनेजर (पार्ट्स) केतन चौधरी ने पुलिस को बताया कि बिरगांव-धनेली स्थित फर्म में मुनीर अहमद मैनेजर के पद पर तैनात था। उसे पार्ट्स की बिक्री और निकासी की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। वर्ष 2020 से 2025 के बीच मुनीर ने बिलिंग में गड़बड़ी कर 70 लाख रुपये से अधिक की राशि हड़प ली।
आंतरिक ऑडिट में गबन का खुलासा होने के बाद मुनीर ने ऑफिस आना बंद कर दिया। कंपनी डायरेक्टर के निर्देश पर केतन चौधरी ने खमतराई थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी मुनीर अहमद के खिलाफ धोखाधड़ी का अपराध पंजीबद्ध कर लिया है।
विवेचना अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है। गबन की गई राशि की सटीक गणना और आरोपी की भूमिका की पड़ताल की जा रही है। आरोपी की तलाश में टीमें दबिश दे रही हैं। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



