रायपुर। राजधानी रायपुर में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते नजर आ रहे हैं। आए दिन सामने आ रही गंभीर आपराधिक घटनाओं के बीच एक बार फिर राजधानी गैंगवार से दहल उठी। तेलीबांधा थाना क्षेत्र में रविवार देर रात हुए गैंगवार में एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
यह भी पढ़े :- पंचांग : सोमवार को शक्ति की उपासना का महायोग! जानें आज का शुभ मुहूर्त और किस समय पूजा करने से बचेगा राहुकाल का साया
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुराने विवाद को लेकर दो गुटों के बीच कहासुनी हुई, जो कुछ ही देर में हिंसक झड़प में तब्दील हो गई। इस दौरान हुई चाकूबाजी में आदित्य कुर्रे और अभय सारथी गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को तत्काल मेकाहारा अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान आदित्य कुर्रे की मौत हो गई। वहीं, अभय सारथी की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज जारी है।
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल फैल गया। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना कर मामला दर्ज किया। पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर ली है और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा हुआ है और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



