रायपुर। राजधानी में एक कपड़ा कारोबारी के साथ बड़ी ठगी का मामला सामने आया है। आरोपियों ने ट्रांसपोर्ट कारोबार में पार्टनर बनाने का लालच देकर वर्षों तक भरोसा कायम रखा, करोड़ों के सौदों की बातें कीं और लाखों रुपये ऐंठ लिए। आखिरकार शेष रकम मांगने पर अपना घर बेचकर फरार हो गए।
यह भी पढ़े :- हेलमेट-सीट बेल्ट नहीं तो सख्त कार्रवाई! सड़क हादसों पर गडकरी का अल्टीमेटम
मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है। पीड़ित राजेश तलरेजा (निवासी रायपुर) ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। उनके अनुसार, आरोपी बलवीर सिंह सेंस, शबनम खान और नवनीत कौर ने वर्ष 2001 से 2004 के बीच उन्हें ट्रांसपोर्ट व्यवसाय में साझेदार बनाने का प्रलोभन दिया। इस झांसे में 21 किश्तों में कुल 96 लाख 33 हजार रुपये ले लिए।
आरोपियों ने न तो पार्टनरशिप दी और न ही तय समय पर पैसे लौटाए। भरोसा बनाए रखने के लिए उन्होंने बाद में 50 लाख 7 हजार रुपये वापस कर दिए, लेकिन जब पीड़ित ने शेष 46 लाख रुपये की मांग की तो तीनों आरोपी घर बेचकर रायपुर से फरार हो गए।
पीड़ित कारोबारी ने बताया कि पैसे वापस लेने के लिए वह लंबे समय तक आरोपियों के पीछे भागता रहा, लेकिन अंत में धोखाधड़ी का पता चलने पर पुलिस के पास पहुंचा।
सिविल लाइन पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी ने बताया कि शिकायत के आधार पर FIR दर्ज कर ली गई है और आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है। पुलिस ने दावा किया कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।



