रायपुर : छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव स्थित डेंटल कॉलेज की मेस में छात्रों की सेहत से खिलवाड़ का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। मेस में परोसी गई सब्जी में मरा हुआ मेंढक मिलने से कॉलेज परिसर में हड़कंप मच गया और छात्रों में भारी आक्रोश फैल गया।
यह भी पढ़े :- सुबह-सुबह बदली पेट्रोल-डीजल की कीमतें, टंकी फुल कराने से पहले चेक कर लें आज का रेट
छात्रों के अनुसार यह घटना रात भोजन के दौरान सामने आई। जैसे ही सब्जी परोसी गई, प्लेट में मरा मेंढक दिखाई दिया। इस पर छात्रों ने तत्काल भोजन का बहिष्कार कर दिया और मेस प्रबंधन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। छात्रों ने मौके पर ही वीडियो और फोटो बनाए, जो देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गए।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक छात्रों का कहना है कि मेस की साफ-सफाई और भोजन की गुणवत्ता को लेकर पहले भी कई बार शिकायतें की जा चुकी थीं, लेकिन मेस प्रबंधन और कॉलेज प्रशासन द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इस घटना ने मेस संचालन में गंभीर लापरवाही को उजागर कर दिया है।
घटना की जानकारी मिलते ही फूड सेफ्टी विभाग की टीम कॉलेज परिसर पहुंची और मेस की गहन जांच की। जांच के दौरान किचन, स्टोर रूम और उपयोग में ली जा रही खाद्य सामग्री की बारीकी से जांच की गई। निरीक्षण में कई खाद्य पदार्थ एक्सपायरी डेट के पाए गए, जिनमें मसाले, जीरा, मिर्च पाउडर सहित अन्य सामग्री शामिल है।
इसके अलावा जांच के दौरान कुछ प्रतिबंधित सामग्री और बिना FSSAI प्रमाणन वाला खाद्य सामान भी बरामद किया गया, जिसे फूड सेफ्टी विभाग ने जब्त कर सैंपल के रूप में सुरक्षित रखा। अधिकारियों ने मेस संचालक को कड़ी फटकार लगाते हुए बताया कि प्रारंभिक जांच में गंभीर अनियमितताएं सामने आई हैं।
फूड सेफ्टी विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यदि नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होती है तो संबंधित मेस प्रबंधन के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही कॉलेज प्रशासन को मेस संचालन पर नियमित निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।
घटना के बाद छात्रों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। छात्रों ने मेस ठेकेदार को तत्काल बदलने, भोजन की गुणवत्ता की नियमित जांच कराने और स्वच्छता मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने की मांग की है।
वहीं कॉलेज प्रशासन ने कहा है कि फूड सेफ्टी विभाग की जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषियों के खिलाफ उचित और कठोर कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि छात्रों की सेहत से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।



