राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिला न्यायालय को आज सुबह बम से उड़ाने की धमकी मिली, जो न्यायालय की शासकीय ई-मेल आईडी पर भेजी गई। धमकी के तुरंत बाद न्यायालय परिसर में अफरा-तफरी मच गई और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत अलर्ट मोड पर आ गईं।
पुलिस ने एहतियातन पूरे न्यायालय परिसर को खाली करा दिया और वकीलों, न्यायालय कर्मचारियों और आम नागरिकों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिया। अचानक हुई इस कार्रवाई से कोर्ट परिसर में हड़कंप मच गया।
धमकी को गंभीरता से लेते हुए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किए गए हैं। बम स्क्वॉड और अन्य सुरक्षा एजेंसियां न्यायालय परिसर में सघन तलाशी अभियान चला रही हैं। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर रहकर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
प्रशासन ने किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए सभी सुरक्षा प्रोटोकॉल लागू कर दिए हैं। फिलहाल धमकी देने वाले की पहचान और ई-मेल की जांच जारी है। स्थिति पर प्रशासन की पैनी नजर बनी हुई है और जांच में तेजी लाई जा रही है।



