रायपुर। पूर्व सभापति प्रमोद दुबे ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को पत्र लिखकर मंत्री, सांसद और कुछ वरिष्ठ अधिकारियों पर बिजली बिल का भुगतान नहीं करने का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने कहा है कि बकाया बिजली बिल के कारण छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड (CSEB) पर अतिरिक्त आर्थिक भार पड़ रहा है।
अपने पत्र में प्रमोद दुबे ने डिप्टी सीएम विजय शर्मा, कैबिनेट मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, टंकराम वर्मा समेत कई सांसदों, मंत्रियों और कुछ आईएएस अधिकारियों के नामों का उल्लेख किया है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब इन जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को भारी वेतन और सरकारी सुविधाएं मिल रही हैं, तो वे समय पर बिजली बिल क्यों नहीं चुका रहे हैं।

प्रमोद दुबे ने मुख्यमंत्री से पूछा है कि क्या इन लोगों को कोई विशेष छूट दी जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार सुशासन की बात करती है और आम जनता से कर वसूली की अपील करती है, लेकिन जनप्रतिनिधि स्वयं नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं।
पत्र के माध्यम से उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि सभी संबंधित मंत्री, सांसद और अधिकारी अपने बकाया बिजली बिल का भुगतान करें और उसकी रसीद सार्वजनिक करें, ताकि जनता का विश्वास कायम रह सके।



