रायपुर। राजधानी रायपुर के बसंत बिहार कॉलोनी में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब नगर निगम और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की। कार्रवाई के दौरान बुलडोजर चलाकर कॉलोनी के 15 से अधिक मकानों को ध्वस्त कर दिया गया, जिससे क्षेत्र में तनाव और आक्रोश का माहौल बन गया।
कार्रवाई के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर तैनात किया गया था। जैसे ही बुलडोजर की कार्रवाई शुरू हुई, स्थानीय लोग घरों से बाहर निकल आए और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे।
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि उन्हें किसी प्रकार की पूर्व सूचना या नोटिस दिए बिना उनके घर तोड़ दिए गए। प्रभावित परिवारों का कहना है कि अचानक हुई इस कार्रवाई से वे बेघर हो गए हैं और उनके सामने आवास की गंभीर समस्या खड़ी हो गई है।
वहीं नगर निगम के अधिकारियों ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि अतिक्रमण हटाने को लेकर पहले ही संबंधित लोगों को सूचना दी जा चुकी थी। अधिकारियों के अनुसार, नोटिस दिए जाने के बावजूद अतिक्रमण खाली नहीं किया गया, जिसके बाद मजबूरी में यह कार्रवाई करनी पड़ी। निगम का दावा है कि जिस जमीन पर निर्माण किया गया था, वह नगर निगम की है और वहां अवैध रूप से मकान बनाए गए थे।
फिलहाल कार्रवाई के बाद इलाके में तनाव बना हुआ है और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।



