CG Teacher Murder : सक्ती जिले के डभरा थाना क्षेत्र से सामने आए शिक्षक की मौत (CG Teacher Murder) के मामले में पुलिस जांच के बाद चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। इस मामले में शिक्षक की हत्या किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि उसकी पत्नी ने ही की थी। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, डभरा थाना अंतर्गत ठनगन गांव निवासी शिक्षक अनिल भार्गव की कुछ दिन पहले संदिग्ध परिस्थितियों में मौत (CG Teacher Murder) हो गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
यह भी पढ़े :- छत्तीसगढ़ को मिलेगा नया एविएशन हब, बिलासपुर एयरपोर्ट में बड़े विमानों की एंट्री तय
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में स्पष्ट हुआ कि शिक्षक की मौत बीमारी या सामान्य दुर्घटना से नहीं, बल्कि धक्का लगने के कारण नीचे गिरने से हुई थी। रिपोर्ट के अनुसार, मृतक के सीने में गंभीर चोट और अंदरूनी रक्तस्राव ही मौत का कारण बना।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मृतक की पत्नी सीमा भार्गव को संदेह के आधार पर हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। प्रारंभ में महिला पुलिस को गुमराह करती रही, लेकिन कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने पूरी घटना स्वीकार कर ली।
पूछताछ में सीमा भार्गव ने बताया कि उसका पति आए दिन शराब के नशे में घर आता था और उसके साथ गाली-गलौज व मारपीट करता था। 18 दिसंबर 2025 की रात भी वह शराब पीकर घर लौटा और विवाद करने लगा। विवाद बढ़ने पर दोनों के बीच झगड़ा और मारपीट शुरू हो गई।
इसी दौरान गुस्से और आत्मरक्षा की स्थिति में सीमा ने पति को जोर से धक्का दे दिया, जिससे वह बाजवट (ऊंचे चबूतरे) से टकराकर मुंह के बल नीचे गिर पड़ा। गिरने से उसके सीने में गंभीर चोट आई और मुंह व नाक से खून निकलने लगा। कुछ ही देर में उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पति की मौत के बाद सीमा घबरा गई। उसने शव को कंबल से ढंक दिया और सुबह परिजनों को यह कहकर सूचना दी कि शराब के नशे में गिरने से अनिल की मौत हो गई है। गिरफ्तारी के डर से उसने पुलिस को भी यही कहानी बताई।
हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद सच्चाई सामने आ गई। कड़ी पूछताछ में आरोपी महिला अधिक देर तक पुलिस को गुमराह नहीं कर सकी और अंततः अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
घटना के खुलासे के बाद पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।



