रायपुर। छत्तीसगढ़ में स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) कार्यक्रम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी ड्राफ्ट वोटर लिस्ट पर अब दावे और आपत्तियों का दौर शुरू हो गया है। आयोग ने SIR प्रक्रिया के बाद प्रदेश में कुल 2 करोड़ 12 लाख 30 हजार 737 मतदाता होने का दावा करते हुए प्रारंभिक मतदाता सूची जारी की थी।
यह भी पढ़े :- ओवैसी का अजित पवार पर अब तक का सबसे बड़ा हमला…नांदेड़ में भरे मंच से धर्म को लेकर कही ये बात
ड्राफ्ट सूची जारी होने के बाद जिन मतदाताओं के नाम सूची से बाहर हो गए थे, वे अब अपने नाम दोबारा जुड़वाने के लिए आवेदन कर रहे हैं। निर्वाचन आयोग के अधिकारियों के अनुसार, प्रदेश के विभिन्न जिलों से अब तक 2 लाख 74 हजार से अधिक लोगों ने वोटर लिस्ट में नाम जोड़ने के लिए आवेदन फॉर्म जमा किए हैं। इन आवेदनों की जांच और स्क्रूटनी के बाद पात्र मतदाताओं के नाम अंतिम सूची में जोड़े जाएंगे, जिससे मतदाताओं की संख्या बढ़ने की संभावना है।
गौरतलब है कि SIR की प्रक्रिया 7 नवंबर से शुरू होकर करीब 45 दिनों तक चली थी। इस दौरान हजारों बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) ने घर-घर जाकर मतदाताओं का भौतिक सत्यापन किया। इस अभियान के तहत प्रदेशभर में 27 लाख 34 हजार 817 मतदाताओं के नाम ड्राफ्ट वोटर लिस्ट से हटाए गए। इनमें 6 लाख 42 हजार 234 मृत मतदाता, 1 लाख 75 हजार दोहरी प्रविष्टि वाले नाम, 19 लाख 13 हजार 540 स्थानांतरित या अनुपस्थित मतदाता शामिल हैं।
निर्वाचन आयोग ने स्पष्ट किया है कि जिन लोगों के नाम ड्राफ्ट लिस्ट में नहीं हैं, उन्हें नोटिस देकर दावा-आपत्ति दर्ज कराने का अवसर दिया जाएगा। दावे और आपत्तियां 23 दिसंबर 2025 से 22 जनवरी 2026 तक स्वीकार की जाएंगी। वहीं, इन पर सुनवाई और सत्यापन की प्रक्रिया 23 दिसंबर 2025 से 14 फरवरी 2026 तक चलेगी। अंतिम मतदाता सूची 21 फरवरी 2026 को प्रकाशित की जाएगी।
आयोग के अनुसार, SIR का मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची को त्रुटिरहित और पारदर्शी बनाना है। अधिकारियों ने कहा कि जिन पात्र मतदाताओं के नाम गलती से हट गए हैं, उन्हें घबराने की आवश्यकता नहीं है। समय-सीमा के भीतर दावा-आपत्ति दर्ज कराने पर उनका नाम अंतिम सूची में शामिल कर लिया जाएगा।
राज्य निर्वाचन आयोग ने सभी जिलों के कलेक्टरों और निर्वाचन अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि दावा-आपत्ति की प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और मतदाता-हितैषी बनाया जाए। साथ ही नागरिकों से अपील की गई है कि वे ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में अपना नाम अवश्य जांचें और जरूरत पड़ने पर निर्धारित फॉर्म के माध्यम से आवेदन करें। अंतिम सूची जारी होने के बाद छत्तीसगढ़ में मतदाताओं की कुल संख्या में फिर से बढ़ोतरी होने की उम्मीद जताई जा रही है।



