नारायणपुर । जिले के सर्किट हाउस में आयोजित प्रेसवार्ता में छत्तीसगढ़ के कैबिनेट मंत्री और नारायणपुर विधायक केदार कश्यप ने विकसित भारत-जी राम जी एवं राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के क्रियान्वयन के बारे में विस्तार से जानकारी दी। मंत्री कश्यप ने इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत’ संकल्प को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया और कहा कि यह योजना केवल रोजगार उपलब्ध कराने का माध्यम नहीं बल्कि गरीब, मजदूर और किसान को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में ठोस पहल है।
125 दिन का रोजगार, मजबूत आर्थिक आधार
मंत्री कश्यप ने बताया कि अब ग्रामीण क्षेत्रों में 100 दिनों के स्थान पर 125 दिनों का रोजगार सुनिश्चित किया गया है। इससे ग्रामीण परिवारों की वार्षिक आय बढ़ेगी और उन्हें आर्थिक स्थिरता मिलेगी। बेरोजगारी, पलायन और आर्थिक असुरक्षा जैसी समस्याओं को कम करने में यह कदम मील का पत्थर साबित होगा।
श्रमिक अधिकारों की सुरक्षा
मंत्री ने बताया कि मजदूरी भुगतान की समय सीमा 15 दिन से घटाकर 7 दिन कर दी गई है। निर्धारित समय में भुगतान न होने पर श्रमिकों को अतिरिक्त क्षतिपूर्ति राशि मिलेगी। इससे पारदर्शिता बढ़ेगी और प्रशासनिक जवाबदेही सुनिश्चित होगी।
किसानों को बड़ी राहत
अब राज्य सरकार को योजना के तहत 60 दिनों तक कार्य स्थगित रखने का अधिकार होगा। इससे बुआई और कटाई के मौसम में श्रमिकों को कृषि कार्यों के लिए उपलब्ध कराया जा सकेगा और किसानों को बड़ी राहत मिलेगी।
गांव, गरीब और किसान प्राथमिकता
मंत्री ने कहा कि विकसित भारत-जी राम जी योजना केवल रोजगार योजना नहीं है, बल्कि समावेशी विकास, सामाजिक न्याय और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण का व्यापक अभियान है।
मुख्यमंत्री साय के नेतृत्व में सशक्त क्रियान्वयन
केदार कश्यप ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में योजनाओं के पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ क्रियान्वयन की सराहना की।
अबूझमाड़ के लिए वरदान
विशेष रूप से अबूझमाड़ जैसे दुर्गम और पिछड़े क्षेत्रों में यह योजना रोजगार, सरकारी योजनाओं की जानकारी और सशक्तिकरण के अवसर प्रदान करेगी, जिससे स्थानीय युवाओं और श्रमिकों का सामाजिक-आर्थिक परिदृश्य सुधरेगा।
प्रेसवार्ता में जिला पंचायत अध्यक्ष नारायण मरकाम, छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज संघ के अध्यक्ष रूपसाय सलाम, भाजपा नेता बृजमोहन देवांगन, जिला महामंत्री संदीप कुमार झा, पंकज जैन, सुदीप झा सहित अन्य पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता उपस्थित थे।



