सक्ती (छत्तीसगढ़)। रविवार को सक्ती जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां सत्संग में लीन बुजुर्ग महिलाओं पर एक युवक ने अचानक डंडे से हमला कर दिया। शांत धार्मिक वातावरण में हुई इस हिंसक वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुछ बुजुर्ग महिलाएं एक कमरे में बैठकर सत्संग कर रही थीं। इसी दौरान एक युवक वहां पहुंचा और बिना किसी विवाद या चेतावनी के महिलाओं पर डंडे से ताबड़तोड़ वार करने लगा। अचानक हुए इस हमले से वहां अफरा-तफरी मच गई और महिलाएं जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगीं।
इस हमले में तीन बुजुर्ग महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो भी सामने आया है।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और मामले की जांच जारी है।



