मुंगेली। छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले में स्थित अचानकमार टाइगर रिजर्व (ATR) के प्रतिबंधित कोर एरिया में चार हथियारबंद युवकों के घुसने और वहां फायरिंग करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। युवकों ने दबंगई भरे अंदाज में फायरिंग करते हुए वीडियो बनाया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो में बैकग्राउंड में तेज म्यूजिक के साथ पुलिस सायरन की आवाज भी सुनाई दे रही है।
यह भी पढ़े :- आईआईटी भिलाई में संपन्न हुआ EPREC 2026, टिकाऊ ऊर्जा और नवाचार की दिशा में एक बड़ा कदम
युवकों ने कोर जोन में आग जलाकर कैंपिंग की और शिकारी जैसे पोज देते हुए फोटो भी खिंचवाई। यह पूरी हरकत वन्यजीव संरक्षण के नियमों का खुला उल्लंघन है। मामला वायरल होने के बाद वन विभाग हरकत में आया और कार्रवाई शुरू की। विभाग ने बैरियर गार्ड को तुरंत हटा दिया तथा संबंधित रेंजर को नोटिस जारी किया।

वन विभाग की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक नाबालिग आरोपी फरार है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अजीत दास (26), अनिकेत मौर्य (27) और विक्रांत वैष्णव (32) के रूप में हुई है। पुलिस ने इनसे दो एयर राइफल और एक टाटा सफारी वाहन जब्त किया है।

जानकारी के अनुसार, अजीत दास लोरमी राजघराने का सदस्य है और जब्त सफारी वाहन भी उसी का है। विक्रांत वैष्णव अजीत का जीजा है, जबकि अनिकेत मौर्य उसका दोस्त बताया जा रहा है। सूत्रों से पता चला है कि आरोपी पहले भी कई बार ATR के कोर जोन में घुस चुके थे, लेकिन इस बार सोशल मीडिया पर रील बनाने के चक्कर में पकड़े गए।

मामले की जांच जारी है और फरार नाबालिग की तलाश की जा रही है। वन विभाग ने कोर एरिया में सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त करने के निर्देश दिए हैं। यह घटना टाइगर रिजर्व की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है।



