बीजापुर। बीजापुर जिले के नेताजी सुभाषचंद्र बोस आवासीय विद्यालय आवापल्ली में कक्षा 6वीं की छात्रा की इलाज के दौरान हुई मौत के मामले में जिला प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। जिला स्तरीय जांच समिति की रिपोर्ट के आधार पर विद्यालय की प्रभारी अधीक्षिका कमला ककेम को गंभीर लापरवाही का दोषी मानते हुए संयुक्त संचालक शिक्षा द्वारा तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
यह भी पढ़े :- दुर्ग रेलवे स्टेशन पर दर्दनाक हादसा, मालगाड़ी की चपेट में आकर रेलवे टेक्नीशियन की मौत
कलेक्टर एवं जिला मिशन संचालक, समग्र शिक्षा बीजापुर द्वारा भेजे गए प्रस्ताव के अनुसार, ग्राम गुंडम निवासी छात्रा नागमणी सेमला (पिता भीमा) की 15 दिसंबर को इलाज के दौरान मौत हो गई थी। इस घटना को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन ने जांच समिति गठित की थी।

जांच समिति की रिपोर्ट में स्पष्ट किया गया है कि छात्रा के स्वास्थ्य को समय रहते गंभीरता से नहीं लिया गया। रिपोर्ट के अनुसार, एनीमिया से पीड़ित छात्रा को समय पर उचित इलाज नहीं मिल सका, जिसके कारण उसकी असामयिक मौत हो गई। जांच में यह भी सामने आया कि विद्यालय की प्रभारी अधीक्षिका ने अपने कर्तव्यों के निर्वहन में गंभीर लापरवाही बरती।
जांच प्रतिवेदन में इसे छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के नियम 3 तथा छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम 1966 के नियम 9 का उल्लंघन बताया गया है। इसी आधार पर प्रभारी अधीक्षिका कमला ककेम को निलंबित किया गया।
निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी, भोपालपटनम निर्धारित किया गया है। छात्रा की मौत के बाद शिक्षा विभाग और प्रशासन की भूमिका पर सवाल उठे थे, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई है।



