दुर्ग। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर मंडल अंतर्गत दुर्ग रेलवे स्टेशन पर रविवार सुबह एक हृदयविदारक हादसा हो गया। प्लेटफॉर्म नंबर 6 के पास ड्यूटी के दौरान एक रेलवे कर्मचारी मालगाड़ी की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
यह भी पढ़े :- जनता के स्वास्थ्य से खिलवाड़ किया, तो नपेंगे अधिकारी, 5 दिन में दें समाधान : राजेश मूणत
रेलवे अधिकारियों से प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान अजय कुमार के रूप में हुई है, जो रेलवे में टेक्नीशियन ग्रेड-1 (ट्रेन लाइटिंग स्टाफ) के पद पर कार्यरत थे। अजय कुमार की ड्यूटी रविवार सुबह 6 बजे से दोपहर 2 बजे तक निर्धारित थी। घटना सुबह करीब 9 बजे की बताई जा रही है, जब रायपुर एंड की ओर किलोमीटर संख्या 865/27 के पास एक खाली मालगाड़ी (N/BOX EMPTY) गुजर रही थी। इसी दौरान वे मालगाड़ी की चपेट में आ गए।
स्टेशन मास्टर दुर्ग से सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। जीआरपी दुर्ग और स्थानीय रेलवे स्टाफ की सहायता से करीब 9:50 बजे शव को ट्रैक से हटाकर मर्चुरी भेजा गया।
हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, यह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है। रेलवे प्रशासन और जीआरपी द्वारा मामले की जांच की जा रही है। सहकर्मियों के अनुसार अजय कुमार एक जिम्मेदार और कर्मठ कर्मचारी थे। इस घटना के बाद रेलवे कर्मचारियों में शोक की लहर है।



