पूर्णिया (बिहार)। जिले के अकबरपुर थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। महज 22 वर्षीय युवक ने अपनी तीसरी पत्नी की कथित तौर पर गला दबाकर हत्या कर दी। आरोप है कि महिला अपने पति के चौथे रिश्ते का विरोध कर रही थी, जिससे नाराज होकर आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया।
यह भी पढ़े :- पेट्रोल की कीमतों में बड़ा फेरबदल…क्या आपके शहर में घट गए दाम? यात्रा पर निकलने से पहले चेक करें आज की रेट लिस्ट
घटना अकबरपुर थाना क्षेत्र के जमरा गांव की है। मृतका का शव गांव के पास बांसबाड़ी की झाड़ियों में छिपाया गया था। शव मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। घटना के बाद से आरोपी पति सिंटू ऋषिदेव फरार है और पुलिस उसकी तलाश में छापेमारी कर रही है।
जानकारी के अनुसार सिंटू ऋषिदेव पंजाब में मजदूरी करता था। वहीं उसकी मुलाकात अपने ही क्षेत्र के ओराहा गांव निवासी कैलाश ऋषिदेव की बेटी मंजू कुमारी से हुई। दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और बाद में परिवार की सहमति से शादी हो गई। करीब आठ दिन पहले पूरा परिवार पंजाब से पूर्णिया लौटा था, जबकि मंजू तीन दिन पहले ही ससुराल आई थी।
मृतका की मां रतनी देवी ने बताया कि पंजाब से लौटने के बाद दामाद कुछ दिन उनके घर पर ही रुका था। तीन दिन पहले सिंटू की मां धौली देवी आई और बहू की विदाई कराकर अपने साथ ले गई। इसके बाद फोन पर बातचीत के दौरान मंजू ने अपनी मां को पति की सच्चाई बताई और कहा कि वह आशिक मिजाज है और किसी और लड़की से संबंध रखता है।
परिजनों के अनुसार आरोपी युवक पहले से ही दो शादियां कर चुका था। पहली पत्नी से उसके चार बच्चे, जबकि दूसरी पत्नी से तीन बच्चे हैं। तीसरी पत्नी मंजू कुमारी चार माह की गर्भवती थी। आरोप है कि गर्भावस्था के दौरान ही सिंटू का किसी चौथी लड़की से प्रेम संबंध हो गया था, जिसका मंजू विरोध कर रही थी। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच लगातार विवाद हो रहा था।
मंगलवार को मंजू ने अपनी मां को फोन कर बताया था कि वह पति के साथ बहदुरा बाजार गई है। इसके बाद उसका मोबाइल बंद हो गया। जब परिजन ससुराल पहुंचे तो घर पर कोई मौजूद नहीं था। अगले दिन ग्रामीणों ने बांसबाड़ी की झाड़ियों में महिला का शव देखा, जिसे बांस के पत्तों से ढंक दिया गया था।
सूचना मिलते ही अकबरपुर थानाध्यक्ष विनय कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। प्रारंभिक जांच में गला दबाकर हत्या की आशंका जताई गई है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
मृतका के परिजनों ने आरोपी पति सिंटू ऋषिदेव और उसके परिवार के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराने के लिए थाने में आवेदन दिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।



