रायपुर। नगर निगम जोन 8 ने आज अवैध निर्माण और प्लॉटिंग पर सख्त कार्रवाई की। नगर निगम आयुक्त विश्वदीप के निर्देश पर और जोन कमिश्नर राजेश्वरी पटेल के नेतृत्व में, निगम टीम ने वीर सावरकर नगर वार्ड 1 और अवधपारा सोनडोंगरी वार्ड 2 में जेसीबी मशीन की मदद से अवैध निर्माण तोड़ा।
वीर सावरकर नगर वार्ड 1 में अटारी मार्ग के पास ट्रांसपोर्ट नगर टाटीबंध क्षेत्र में लगभग 20 हजार वर्गफीट में अवैध रूप से बनी लगभग 18 दुकानों को अभियान के तहत ढहा दिया गया। इसी तरह, पंडित जवाहर लाल नेहरू वार्ड 2 के अवधपारा सोनडोंगरी में अवैध प्लॉटिंग कर बनाए जा रहे लगभग 15 मकानों को भी तोड़ा गया।

नगर निगम जोन 8 की टीम ने स्थल पर अवैध मुरूम रोड को काटकर वहां आवागमन अवरुद्ध कर दिया और अज्ञात व्यक्तियों द्वारा की जा रही अवैध प्लॉटिंग पर तुरंत रोक लगाई। इस कार्रवाई में कार्यपालन अभियंता अतुल चोपड़ा, सहायक अभियंता अमन चंद्राकर, उप अभियंता लोचन चौहान और नगर निवेश विभाग की टीम मौजूद रही।



