सुकमा/बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में शनिवार को नक्सल विरोधी अभियान के तहत सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। सुकमा और बीजापुर जिलों में हुई अलग-अलग मुठभेड़ों में कुल 14 नक्सली मारे गए हैं। दोनों ही स्थानों पर डीआरजी (डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड) के जवानों ने सटीक और प्रभावी कार्रवाई करते हुए नक्सलियों की बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया।
सुकमा जिले के किस्टाराम क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन के दौरान डीआरजी जवानों और नक्सलियों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई। इस कार्रवाई में 12 नक्सली मारे गए, जिनके शव मुठभेड़ स्थल से बरामद कर लिए गए हैं। मौके से एके-47, इंसास राइफल सहित बड़ी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद भी जब्त किया गया है। सूत्रों के अनुसार, इस मुठभेड़ में डीवीसीएम स्तर का नक्सली मंगडु भी मारा गया है, जिसकी पुष्टि की प्रक्रिया जारी है।
वहीं बीजापुर जिले के दक्षिणी इलाके में शनिवार सुबह से डीआरजी और माओवादियों के बीच रुक-रुक कर गोलीबारी होती रही। इस मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने दो नक्सलियों को ढेर किया है। दोनों के शव बरामद कर लिए गए हैं और पूरे क्षेत्र में सघन सर्च अभियान चलाया जा रहा है।
बीजापुर एसपी डॉ. जितेन्द्र यादव ने मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए बताया कि नक्सलियों की मौजूदगी की पुख्ता सूचना के आधार पर ऑपरेशन शुरू किया गया था। फिलहाल सुरक्षाबलों का अभियान जारी है और इलाके में पूरी सतर्कता बरती जा रही है।



