जगदलपुर। बस्तर में सुरक्षा बलों के लिए वर्ष 2025 बेहद सक्रिय और परिणामपूर्ण रहा। इस साल कुल 100 मुठभेड़ों में 256 माओवादी मारे गए, जबकि 898 को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा 1573 माओवादी हिंसा का रास्ता छोड़कर पुनर्वास योजना में शामिल हुए।
यह भी पढ़े : – रायपुर नगर निगम ने अवैध निर्माण पर कड़ा एक्शन, जेसीबी से तोड़ी दुकानों और मकानों की दीवारें
बस्तर आईजी सुंदरराज पी ने पत्रकारवार्ता में सालभर की सुरक्षा कार्रवाई के आंकड़े साझा किए। उन्होंने बताया कि सुरक्षा बलों ने इस दौरान 677 हथियार बरामद किए और 894 आईईडी निष्क्रिय कर बड़े हादसों को टाला।
हालांकि, इस संघर्ष में सुरक्षा बलों को भी बलिदान देना पड़ा। साल 2025 में बस्तर क्षेत्र में 23 जवान शहीद हुए, जबकि माओवादी हिंसा में 46 आम नागरिकों की मौत हुई।
आईजी सुंदरराज पी ने कहा कि सुरक्षा बलों का ध्यान सिर्फ मुठभेड़ और गिरफ्तारी तक सीमित नहीं रहा, बल्कि आत्मसमर्पण कर चुके माओवादी को पुनर्वास के अवसर भी प्रदान किए गए। उन्होंने भरोसा जताया कि 2026 में बस्तर को और सुरक्षित बनाने के लिए कार्रवाई और तेज होगी।



