लोकेश्वर सिन्हा
गरियाबंद। ऑपरेशन निश्चय के तहत फिंगेश्वर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए स्विफ्ट कार से 9 किलो अवैध गांजा जब्त किया है। इस मामले में पुलिस ने दो तस्करों को गिरफ्तार किया है, जो बेमेतरा जिले के निवासी बताए जा रहे हैं।
पुलिस के मुताबिक आरोपियों के पास से 4.45 लाख रुपये कीमत का गांजा और तस्करी में इस्तेमाल की गई स्विफ्ट कार जब्त की गई है। कुल मिलाकर 6.45 लाख रुपये की संपत्ति पुलिस ने अपने कब्जे में ली है।
वहीं दूसरी बड़ी कार्रवाई में जतमई धाम क्षेत्र में बुजुर्ग महिला से चैन स्नेचिंग करने वाली दो शातिर महिलाओं को छुरा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 35 हजार रुपये कीमत की सोने की पत्तियां बरामद की गई हैं।

पुलिस जांच में सामने आया है कि पकड़ी गई महिलाओं में से एक के खिलाफ बिलासपुर जीआरपी थाना में पहले से आपराधिक रिकॉर्ड दर्ज है।
आईजी रायपुर रेंज के निर्देश पर और नवपदस्थ एसपी वेदव्रत सिरमौर के नेतृत्व में गरियाबंद पुलिस ने नए साल के पहले ही दिन सख्त कार्रवाई कर अपराधियों के बीच हड़कंप मचा दिया है।



