बिलासपुर। जिला इन दिनों धर्मांतरण के मामलों को लेकर संवेदनशील ज़ोन बनता जा रहा है। जिले के अलग-अलग इलाकों से लगातार धर्म परिवर्तन की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे प्रशासन और पुलिस की चिंता बढ़ गई है। ताजा मामला पचपेड़ी थाना क्षेत्र के जोंधरा गांव से सामने आया है, जहां नए साल की आड़ में धर्मांतरण कराए जाने का आरोप लगा है।
यह भी पढ़े :- नए साल की शुरुआत में वीआईपी रोड पर दर्दनाक हादसा, ई-रिक्शा चालक का पैर कटा
जानकारी के मुताबिक जोंधरा गांव में नववर्ष के मौके पर प्रार्थना सभा आयोजित की गई थी, जिसमें ग्रामीणों को भोजन और स्वास्थ्य सुविधाओं का प्रलोभन देकर बुलाया गया। आरोप है कि इसी सभा के दौरान लोगों का धर्म परिवर्तन कराया जा रहा था।
ग्रामीणों के विरोध के बाद पुलिस सक्रिय
जैसे ही ग्रामीणों को इस गतिविधि की भनक लगी, गांव में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पचपेड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
पास्टर के खिलाफ केस दर्ज
ग्रामीणों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने सभा आयोजित करने वाले संबंधित पास्टर के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले से जुड़े सभी तथ्यों और साक्ष्यों की गहन जांच की जा रही है। जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की सख्त कार्रवाई की जाएगी।
लगातार मामलों से बढ़ी चिंता
लगातार सामने आ रहे धर्मांतरण के मामलों ने एक बार फिर प्रशासनिक निगरानी और कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस और प्रशासन अब जिले में ऐसी गतिविधियों पर पैनी नजर रखने की बात कह रहे हैं।



