रायपुर. राजधानी पुलिस इन दिनों ताबड़तोड़ छापामार कार्यवाही कर रही है जिससे अपराधियों के हौसले पस्त नज़र आ रहे हैं। टिकरापारा थाना क्षेत्र में क्राइम ब्रांच यूनिट और थाने के एक ज्वाइंट आपरेशन में पिस्टल, जिंदा कारतूस और मैगज़ीन के साथ तौकीर अहमद उर्फ बबलू बाटली को पकड़ा गया।
टिकरापारा क्षेत्र के भाठगांव स्थित रावणभाठा मैदान में टीम द्वारा पिस्टल के साथ इस अपराधी को दबोचा गया। पूछताछ में आरोपी द्वारा पिस्टल, जिंदा कारतूस और मैगज़ीन को नागपुर से लाना बताया गया है। तौकीर अहमद उर्फ बबलू बाटली पूर्व में भी थाना सिविल लाईन में हत्या एवं नारकोटिक एक्ट के मामले में निगरानीशुदा बदमाश है और जेल जा चुका है। ये टिकरापारा के ही गिट्टी खदान इलाके के अयोध्या नगर का रहने वाला है।
जहां कबीर नगर में 3.50 लाख की 16 ग्राम हेरोइन पुलिस ने अपने खुफिया तंत्र की सूचना में पकड़ा वहीं खमतराई में 2.5 किलो डोडा और नकदी के साथ राजस्थान के एक अपराधी को भी दबोचा है।

कबीर नगर इलाके में पुलिस के खुफिया तंत्र ने L.I.G02/20 में हेरोइन बेचें जाने की सूचना दी। जिस पर कबीर नगर थाना प्रभारी ने टीम बनाकर तुरंत छापेमारी की और पंजाब से राजधानी में लाई गई हेरोइन को मकान के अन्दर पलंग में बने एक दराज जिसकी कीमत 3.50 लाख से ज्यादा है बरामद किया। इस मामले में आरोपी पति पत्नी जोधा सिंग और हरप्रीत कौर को गिरफ्तार किया गया।
क्राइम ब्रांच और थाना खमतराई की ज्वाइंट टीम ने रावाभांटा के ट्रांसपोर्ट नगर की 4 नंबर पार्किंग में राजस्थान के बलोत्रा जिले के कल्याणपुर इलाके के दिलखुश विश्नोई जो महज़ 22 साल का है उसे 2.50 किलो डोडा और नकदी के साथ दबोचा। पुलिस की पूछताछ में दिलखुश ने ये नशें का सामना राजस्थान से लाना बताया।
कुलमिलाकर राजधानी पुलिस की ताबड़तोड़ कार्यवाही से अपराधियों में खौफ पैदा हो गया है और उनके हौसले पस्त नज़र आ रहे हैं।



