रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह ने राजधानी रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में आयोजित प्रेसवार्ता में कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि लोकसभा और राज्यसभा में कांग्रेस के पास कोई ठोस मुद्दा नहीं है और उसके नेता अपनी बात प्रभावी ढंग से रखने में भी असफल साबित हो रहे हैं।
अरुण सिंह ने आरोप लगाया कि कांग्रेस तथाकथित ‘जी-रामजी बिल’ को लेकर भ्रम फैला रही है, जबकि इस विधेयक में निर्णय लेने का पूरा अधिकार ग्राम सभा और ग्राम पंचायत के पास है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस गलत प्रचार कर रही है कि सभी फैसले केंद्र सरकार लेगी, जबकि हकीकत इसके विपरीत है। इस संबंध में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पत्र लिखकर जमीनी स्तर तक सही जानकारी पहुंचाने के निर्देश दिए हैं।
यह भी पढ़े :- भाजपा सरकार की गांव, गरीब, किसान, आदिवासी विरोधी नीति का परिणाम है तमनार का टकराव
मनरेगा पर निशाना साधते हुए अरुण सिंह ने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में विधानसभा में विकास नहीं, बल्कि गड्ढों की ही चर्चा होती थी। उन्होंने आरोप लगाया कि मनरेगा में सबसे ज्यादा घोटाले पश्चिम बंगाल में सामने आए हैं। इसके बावजूद कांग्रेस इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने के लिए उठाए जा रहे केंद्र सरकार के कदमों का विरोध कर रही है, जो दुर्भाग्यपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस की यह पुरानी आदत बन चुकी है कि वह हर सकारात्मक और जनहितकारी पहल का विरोध करती है, इसी कारण जनता लगातार उसे नकार रही है। अरुण सिंह ने दावा किया कि आने वाले चुनावों में असम, तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल में भी कांग्रेस को करारी हार का सामना करना पड़ेगा और उसे कहीं भी सम्मानजनक सीटें नहीं मिलेंगी।
नक्सलवाद के मुद्दे पर अरुण सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में देश नक्सलवाद मुक्त होने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। नक्सल प्रभावित क्षेत्रों को हथियार मुक्त करने के लिए सख्त कदम उठाए जा रहे हैं और उन्हें विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, विद्युतीकरण और नियद नेल्लनर योजना जैसी योजनाओं से इन इलाकों को बड़ा लाभ मिला है, जिससे उनकी आर्थिक भागीदारी भी बढ़ी है।
उन्होंने विश्वास जताया कि भारत आने वाले समय में दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनेगा।
छत्तीसगढ़ में डबल इंजन सरकार के दो वर्ष पूरे होने पर अरुण सिंह ने कहा कि राज्य में नए निवेश आ रहे हैं, उद्योगों का रुझान बढ़ा है और जल जीवन मिशन के जरिए घर-घर पानी पहुंचाया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार का मुख्य फोकस योजनाओं को धरातल पर पूरी तरह लागू करना है।



