खैरागढ़। जिले के मानपुर नाका क्षेत्र में शनिवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक खेत में रखे पैरा (भूसा) के ढेर से धुआं उठता देख ग्रामीण मौके पर पहुंचे। आग बुझाने के बाद पैरा के भीतर से एक वृद्ध का जला हुआ शव बरामद किया गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाया।
यह भी पढ़े :- भोरमदेव पर्यटन कॉरिडोर का 01 जनवरी को होगा भूमिपूजन
मृतक की पहचान 95 वर्षीय दुर्जनराम वर्मा, पिता स्व. धरसिया वर्मा, निवासी मानपुर नाका के रूप में हुई है। शव के पास मिली छड़ी और अन्य सामान के आधार पर यह पुष्टि की गई। ग्रामीणों के अनुसार, दुर्जनराम रोजाना उसी खेत के आसपास दिखाई देते थे, जहां पैरा रखा हुआ था।
स्थानीय लोगों का कहना है कि वृद्ध पैरा के ढेर के अंदर कैसे पहुंचे और इतनी बड़ी आग कैसे लगी—यह अब तक रहस्य बना हुआ है। घटना के बाद क्षेत्र में डर और दहशत का माहौल है। लोग निष्पक्ष जांच कर सच सामने लाने की मांग कर रहे हैं।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं। प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि आग कैसे लगी और वृद्ध की मौत आग लगने से पहले हुई या बाद में। पुलिस हादसा, लापरवाही या आपराधिक साजिश—सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज राजनांदगांव भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो पाएगा। साथ ही, ग्रामीणों व आसपास के लोगों से पूछताछ भी जारी है।



