रायपुर। छत्तीसगढ़ में पिछले कुछ दिनों से जारी कड़ाके की ठंड का प्रभाव और बढ़ने की संभावना है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान में गिरावट के साथ शीतलहर और घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है।
यह भी पढ़े :- टाटा–एर्नाकुलम एक्सप्रेस में भीषण आग, दो कोच जलकर खाक, एक की मौत – कई यात्री झुलसे
राजधानी रायपुर में तापमान पहले ही लगभग 11 डिग्री सेल्सियस तक पहुँच चुका है और आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ने का अनुमान है। मौसम विभाग के अधिकारी ने बताया कि अगले 48 घंटों में न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट की संभावना है।
शीतलहर और कोहरे का पूर्वानुमान
मौसम विभाग ने रायपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, कोरिया, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, कोरबा, सूरजपुर, सरगुजा, जशपुर और बलरामपुर जिलों में कई स्थानों पर घना कोहरा छाने की चेतावनी दी है। वहीं, उत्तर-मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में शीतलहर का असर भी महसूस किया जा सकता है।
राजधानी रायपुर में आज का अधिकतम तापमान लगभग 28 डिग्री, जबकि न्यूनतम तापमान लगभग 12 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
लोगों को मौसम विभाग की चेतावनी
मौसम विभाग ने आम नागरिकों से ठंड के मौसम में सावधानी बरतने, बुज़ुर्गों और बच्चों का विशेष ध्यान रखने और आवश्यक एहतियात अपनाने की अपील की है।



