अंबिकापुर। शहर में देर रात अपराधियों ने एक बड़ी लूट की वारदात को अंजाम दिया है। मोबाइल कंपनी के डीलर अनिल अग्रवाल पर घात लगाकर हमला किया गया और करीब 20 लाख रुपये लूट लिए गए। हमला कर आरोपी मौके से फरार हो गए।
यह भी पढ़े :- CG NEWS : 11 सूत्रीय मांगों पर आज से ‘काम बंद–कलम बंद’ आंदोलन शुरू
जानकारी के अनुसार, अनिल अग्रवाल मोबाइल कंपनी के सब-डीलरों से कलेक्शन कर स्कूटी से घर लौट रहे थे। इसी दौरान कैलाश मोड़ के पास पहले से घात लगाए बदमाशों ने उन पर डंडे से हमला कर दिया। हमले में वे सड़क पर गिरकर बेहोश हो गए। आरोपियों ने नकदी से भरा बैग छीनकर फरार हो गए।
घटना के बाद आसपास के लोगों की सहायता से घायल डीलर को मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
यह वारदात कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत कैलाश मोड़ की बताई जा रही है। घटना के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश में जुट गई है।



