रायपुर। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में धान बिक्री के लिए टोकन नहीं मिलने से आहत एक किसान द्वारा जहर खाकर आत्महत्या किए जाने के मामले ने प्रदेश की राजनीति को गरमा दिया है। इस घटना को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
बैज ने कहा कि सरकार किसानों का धान खरीदना ही नहीं चाहती, प्रदेश में धान खरीदी ठप है और गोदामों में धान जाम हो चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार किसानों को नियम-कानूनों में उलझाकर अपना पैसा बचाना चाहती है, इसी कारण किसान आत्महत्या जैसे कदम उठाने को मजबूर हो रहे हैं।
भारत माला परियोजना : ED पर सवाल
भारत माला परियोजना में कथित घोटाले को लेकर ED की छापेमारी पर भी बैज ने निशाना साधा।
उन्होंने कहा कि ED केवल छोटी मछलियों पर कार्रवाई कर रही है, जबकि बड़ी मछलियां एजेंसी की रडार से बाहर हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि यह कार्रवाई केवल खानापूर्ति है और इस मामले में BJP के बड़े नेताओं के नाम भी सामने आ रहे हैं।
कांग्रेस संगठन में चयन प्रक्रिया जारी
प्रदेश कांग्रेस संगठन को लेकर बैज ने कहा कि ब्लॉक और मंडल अध्यक्षों का चयन लगातार चल रहा है और बहुत जल्द सूची जारी की जाएगी।
बागेश्वर धाम को लेकर सियासत
डिप्टी सीएम विजय शर्मा के बयान पर पलटवार करते हुए बैज ने कहा कि – BJP जनता के लिए काम नहीं कर पा रही, इसलिए बाबाओं को इवेंट की तरह पेश किया जा रहा है।
चार्टर प्लेन से पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री को लाए जाने पर उन्होंने तंज कसते हुए कहा—
“बाबा को जहाज से लाने का ठेका क्या सरकार ने ले रखा है?
उन्होंने कहा कि किसी भी बाबा को छत्तीसगढ़ आने से कांग्रेस को आपत्ति नहीं, लेकिन प्रदेश की शांति से कोई समझौता नहीं होना चाहिए।



