रायपुर। राजधानी के नवा रायपुर सेक्टर 16 स्थित ईडब्ल्यूएस 30/06 बिल्डिंग में 22 दिसंबर 2025 को हुई गैर-इरादतन हत्या के मामले में थाना मंदिर हसौद पुलिस ने कलिंगा यूनिवर्सिटी के तीन विदेशी छात्रों को गिरफ्तार किया है।
यह भी पढ़े :- कोर्ट परिसर में दो महिला गुटों के बीच जोरदार मारपीट, वायरल वीडियो से उठे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
जानकारी के अनुसार, मृतक सैमपुर जुदे उसी दिन शाम 7:10 बजे बिल्डिंग के पास अपने साथी के साथ बातचीत कर रहा था। तभी उसके तीन साथी छात्र नोउई कुर माजाक, सबरी पालीनो (टोनी) और मोहम्मद खलफल्ला ओमर हसन वहां आए और मृतक पर महिला साथी के संबंध में आपत्तिजनक टिप्पणी करते हुए वाद-विवाद और मारपीट की कोशिश की।
सैमपुर जुदे मारपीट से बचने के लिए बिल्डिंग की सीढ़ियों से छत की ओर भागा, लेकिन आरोपी उसके पीछे-पीछे छत में पहुंचे। भय के कारण मृतक बिल्डिंग की छत से नीचे कूद गया। नीचे क्रांकिट रोड होने के कारण उसे सिर, मुंह और दाहिने हाथ में गंभीर चोटें आईं। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने आरोपी छात्रों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की। उनके खिलाफ थाना मंदिर हसौद में अपराध क्रमांक 662/25, धारा 105, 3(5) बी.एन.एस. के तहत मामला दर्ज कर कार्यवाही की गई।
गिरफ्तार आरोपी:
नोउई कुर माजाक, 23 वर्ष, निवासी सेक्टर 16, ब्लॉक 31, मकान 205, नवा रायपुर; स्थायी पता: मुनकी 107, जुबा, दक्षिण सुडान।
सबरी पालीनो (टोनी), 22 वर्ष, निवासी एचआईजी 02/23, सेक्टर 29, रायपुर; स्थायी पता: जुबा सिटी, दक्षिण सुडान।
मोहम्मद खलफल्ला ओमर हसन, 22 वर्ष, निवासी सेक्टर 29, ब्लॉक 31, मकान 205, नवा रायपुर; स्थायी पता: डीबी 383, दक्षिण सुडान।
पुलिस ने बताया कि मामले की गहन जांच जारी है और सभी साक्ष्यों को एकत्रित कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।



