रायपुर। राजधानी रायपुर के तेलीबांधा थाना क्षेत्र स्थित मैग्नेटो मॉल में 24 दिसंबर को हुई तोड़फोड़ की घटना को लेकर एक बार फिर माहौल गरमा गया है। मामले में 7 कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी के विरोध में बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को बड़ा प्रदर्शन किया। पहले सिविल लाइन थाना पहुंचकर गिरफ्तारी देने की घोषणा की गई थी, लेकिन ऐन वक्त पर रणनीति बदलते हुए कार्यकर्ता सीधे तेलीबांधा थाना पहुंच गए।
यह भी पढ़े :- साइबर अपराध पर नियंत्रण का बड़ा कदम, छत्तीसगढ़ के 9 जिलों में खुलेंगे सायबर थाने
यहां थाने के सामने मुख्य सड़क पर बैठकर चक्काजाम कर दिया गया, जिससे इलाके में यातायात पूरी तरह ठप हो गया। अचानक हुए इस प्रदर्शन से पुलिस भी सतर्क हो गई और मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
प्रदर्शनकारी सड़क पर बैठकर नारेबाजी करते रहे और गिरफ्तार किए गए पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं की तत्काल रिहाई की मांग करते रहे। बजरंग दल नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि 7 कार्यकर्ताओं को तुरंत रिहा नहीं किया गया तो हजारों की संख्या में कार्यकर्ता सामूहिक गिरफ्तारी देंगे। साथ ही यह भी ऐलान किया गया कि यदि पुलिस गिरफ्तारी नहीं लेती है तो कार्यकर्ता अनिश्चितकालीन धरने पर बैठेंगे।
दरअसल, बजरंग दल ने पहले सिविल लाइन थाना पहुंचने की सूचना दी थी, जिसको देखते हुए वहां सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। पुलिस को केवल गिरफ्तारी की सूचना थी, चक्काजाम की कोई जानकारी नहीं दी गई थी। इसी बीच कार्यकर्ताओं ने योजना बदलकर तेलीबांधा थाना पहुंचते हुए मुख्य मार्ग पर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
क्या है पूरा मामला
गौरतलब है कि 24 दिसंबर को छत्तीसगढ़ बंद के दौरान मैग्नेटो मॉल में जमकर हंगामा और तोड़फोड़ हुई थी। आरोप है कि 30 से 40 बजरंग दल कार्यकर्ता लाठी-डंडों के साथ मॉल में घुसे और धर्म व जाति पूछते हुए दुकानों और प्रतिष्ठानों में तोड़फोड़ की। इस घटना से मॉल के कर्मचारी और स्टाफ दहशत में आ गए थे।
मैग्नेटो मॉल की मार्केटिंग हेड आभा गुप्ता ने आरोप लगाया था कि मॉल बंद होने के बावजूद 50 से 100 लोग जबरन अंदर घुसे, जिनके हाथों में लाठी और हॉकी स्टिक थीं। कर्मचारियों के आईडी कार्ड तक चेक किए गए और पुलिस के पहुंचने से पहले ही मॉल को भारी नुकसान पहुंचाया गया।
तोड़फोड़ में मॉल को करीब 15 से 20 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है। CCTV फुटेज के आधार पर पुलिस ने 30 से 40 लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 190, 191(2), 324(2) और 331(3) के तहत एफआईआर दर्ज की है।
देर रात पुलिस और क्राइम ब्रांच ने करीब एक दर्जन कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को हिरासत में लिया, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है। इसी कार्रवाई के विरोध में बजरंग दल का प्रदर्शन लगातार जारी है। छत्तीसगढ़ बंद के दौरान रायपुर में ब्लिंकिट ऑफिस में घुसकर कर्मचारियों से मारपीट की घटना भी सामने आई थी, जिसका CCTV फुटेज वायरल हुआ था। वहीं मैग्नेटो मॉल कांड के बाद एहतियातन विधानसभा रोड स्थित अंबुजा मॉल को भी खाली कराया गया था और वहां भारी पुलिस बल तैनात किया गया था।
फिलहाल तेलीबांधा थाना के सामने हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त बल तैनात है और मामले में आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



