रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के तमनार ब्लॉक में जिंदल उद्योग को आवंटित गारे-पेलमा सेक्टर-1 कोल ब्लॉक के भू-अधिग्रहण और प्रस्तावित खनन परियोजना के विरोध में शनिवार को ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। धौराभाठा गांव के सीएचपी चौक पर चल रहे धरने को हटाने की कोशिश के दौरान मामला हाथापाई और तोड़फोड़ तक पहुंच गया।
भिलाई हनुमंत कथा पंडाल के पास संदिग्ध पकड़े गए, 9 हिरासत में – पुलिस अलर्ट
ग्रामीणों ने पुलिस पर जमकर पथराव किया, जिसमें थाना प्रभारी (टीआई) कमला पुसाम गंभीर रूप से घायल हो गईं। कुछ महिलाओं ने उन पर लात-घूंसे तक चला दिए। पथराव में कई अन्य पुलिसकर्मी भी जख्मी हुए हैं। आक्रोशित भीड़ ने कंपनी की बस सहित कई वाहनों में तोड़फोड़ की और उन्हें आग के हवाले कर दिया।
सूत्रों के अनुसार, धरना हटाने की कार्रवाई के दौरान एक ग्रामीण सड़क दुर्घटना में घायल हो गया, जिसके बाद स्थिति और बेकाबू हो गई। ग्रामीण लंबे समय से कोल ब्लॉक के भू-अधिग्रहण और खनन का विरोध कर रहे हैं, उनका कहना है कि इससे उनकी जमीन और आजीविका छिन जाएगी।
घटना के बाद पूरे गांव में तनाव का माहौल है। पुलिस ने हालात को नियंत्रित करने के लिए भारी बल तैनात कर दिया है। तोड़फोड़ और पथराव के मामले में 30 से 35 ग्रामीणों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।



