रायपुर। राजधानी में नशे के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एण्टी क्राईम एंड साइबर यूनिट और थाना डी.डी. नगर पुलिस की संयुक्त टीम ने 1.075 किलो अफीम के साथ एक व्यक्ति को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। जब्त अफीम और मोबाइल फोन की कुल कीमत करीब 5.50 लाख रुपये आंकी गई है। आरोपी नववर्ष की पार्टियों में अफीम खपाने की फिराक में था।
यह भी पढ़े :- टीएस बाबा ने भूपेश बघेल के मुगलों पर बयान का किया समर्थन, कहा—‘इतिहास में जबरन धर्मांतरण नहीं’
गिरफ्तार आरोपी की पहचान दिलबाग सिंह (55 वर्ष) निवासी पार्थिवी प्रोविन्स, सरोना, थाना डी.डी. नगर, रायपुर के रूप में हुई है। पुलिस को सूचना मिली थी कि पार्थिवी प्रोविन्स के आगे सड़क किनारे एक व्यक्ति अफीम लेकर कहीं जाने की तैयारी में है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर बताए गए हुलिए के व्यक्ति को घेराबंदी कर पकड़ा।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 1 किलो 75 ग्राम अफीम और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया। थाना डी.डी. नगर में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
प्रारंभिक पूछताछ में खुलासा हुआ है कि आरोपी नववर्ष की प्राइवेट पार्टियों में अफीम खपाने की योजना बना रहा था। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि दिलबाग सिंह किसी बड़े नशा तस्करी नेटवर्क से जुड़ा है या नहीं, और उसके संपर्क किन राज्यों तक फैले हुए हैं।
यह कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज अमरेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन निश्चय” अभियान के तहत की गई है। अभियान का उद्देश्य नशे के कारोबार पर सख्त प्रहार करना और तस्करी में शामिल आरोपियों की जड़ तक पहुंचना है।
रायपुर पुलिस ने वर्ष 2025 में अब तक 700 से अधिक नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। इन आरोपियों के पास से गांजा, एमडीएमए, एलएसडी, विदेशी गांजा (ओजी), हेरोइन, नशे की गोलियां, अफीम और कफ सिरप जैसी मादक सामग्री जब्त की गई है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी ओडिशा से गांजा, जबकि महाराष्ट्र, दिल्ली और पंजाब-हरियाणा से सिंथेटिक ड्रग्स लाकर रायपुर समेत अन्य जिलों में सप्लाई करते थे। इनका नेटवर्क छत्तीसगढ़ के बाहर अन्य राज्यों तक भी फैला हुआ है।
जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि रायपुर के होटलों, पब और फार्म हाउसों में होने वाली प्राइवेट पार्टियों में ड्रग्स की सप्लाई कोडवर्ड के जरिए की जाती थी, जिसे लेकर पुलिस पहले भी आगाह कर चुकी है।



