जगदलपुर। नए वर्ष के स्वागत को लेकर शहर और ग्रामीण इलाकों में लोगों में उत्साह दिखाई दे रहा है। इस दौरान विभिन्न कार्यक्रम और आयोजन हो रहे हैं, लेकिन बीते वर्षों में हुई विवाद, अव्यवस्था और सड़क हादसों की घटनाओं को ध्यान में रखते हुए बस्तर पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है।
पुलिस ने करीब डेढ़ सौ सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से कंट्रोल रूम से 24 घंटे निगरानी सुनिश्चित की है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेश्वर नाग ने बताया कि नए वर्ष के अवसर पर पुलिस ने विस्तृत ब्लूप्रिंट तैयार किया है और सभी थाना प्रभारियों को सख्ती से इसका पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि जिन स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, वहां आयोजनकर्ताओं के साथ बैठक कर उन्हें सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइंस का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग में सीमित मात्रा और तय मानकों का पालन कराया जाएगा। साथ ही भीड़भाड़ या ऐसे गानों से बचने को कहा गया है, जिससे भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो सकती है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने बताया कि शराब के नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई पहले से ही चल रही है और नए वर्ष के दौरान इसे और सख्ती से लागू किया जाएगा। 24 घंटे सीसीटीवी निगरानी की मदद से अवैध गतिविधियों और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों की पहचान कर मौके पर कार्रवाई की जा रही है, जबकि ई-चालान सीधे वाहन चालकों के पते पर भेजे जा रहे हैं।
शहर और कार्यक्रम स्थलों में चप्पे-चप्पे पर पुलिस जवान तैनात किए गए हैं। बस्तर पुलिस का उद्देश्य नए वर्ष का जश्न शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से मनाना है, और इसके लिए हर स्तर पर पूरी तरह सतर्क और मुस्तैद नजर आ रही है।



