जगदलपुर। बस्तर संभाग के पड़ोसी राज्य ओड़िशा से बड़ी खबर है। कंधमाल जिले में सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच भीषण मुठभेड़ जारी है। इस मुठभेड़ में शीर्ष नक्सली कमांडर गणेश उइके सहित चार नक्सली अब तक ढेर हो चुके हैं। सुरक्षा बलों ने चारों के शव और कई हथियार बरामद किए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, मुठभेड़ कंधमाल जिले के चाकापाड़ इलाके में हुई, जहां एसओजी और सीआरपीएफ की संयुक्त टीमें नक्सलियों के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई कर रही हैं। मारे गए चार नक्सलियों में दो महिला नक्सली भी शामिल हैं। मौके से दो इंसास राइफल और एक 303 रायफल बरामद की गई हैं।
मृत पुरुष नक्सली की पहचान गणेश उइके के रूप में हुई है, जो क्षेत्र का शीर्ष नक्सली कमांडर माना जाता था। उड़ीसा पुलिस की स्पेशल फोर्स एसओजी, सीआरपीएफ और बीएसएफ की संयुक्त टीमें लगातार ऑपरेशन में जुटी हुई हैं।
मुठभेड़ का इलाका कंधमाल और गंजम जिले के जंगलों से लगे राम्पा जंगल में है। पुलिस के डीआईजी ऑपरेशंस अखिलेश्वर सिंह इस ऑपरेशन की निगरानी कर रहे हैं। बीती रात भी इसी मुठभेड़ में दो और नक्सली ढेर किए गए थे।
ओड़िशा की स्पेशल फोर्स एसओजी की 20 टीमें और सीआरपीएफ की 3 टीमें इस ऑपरेशन में सक्रिय हैं। इस कार्रवाई से नक्सलियों पर सुरक्षा बलों का दबदबा और प्रभाव स्पष्ट रूप से दिख रहा है।



