रायपुर। झारखंड के कुख्यात गैंगस्टर मयंक सिंह को आज रायपुर कोर्ट में पेश किया गया, जहां उसे 27 दिसंबर तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। रायपुर पुलिस अब चार दिनों तक विभिन्न मामलों में मयंक सिंह से पूछताछ करेगी, जिससे कई बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
मयंक सिंह के खिलाफ रायपुर और झारखंड दोनों राज्यों में कई मामले दर्ज हैं। आज ही छत्तीसगढ़ पुलिस ने उसे झारखंड से रायपुर ट्रांजिट रिमांड पर लाया।
गौरतलब है कि जुलाई 2024 में रायपुर में कोयला और कंस्ट्रक्शन कारोबारी प्रहलाद राय और PRA ग्रुप के संचालक के कार्यालय पर फायरिंग की घटना हुई थी। इस वारदात का सीसीटीवी फुटेज सामने आया था, जिसमें बाइक सवार आरोपी दो राउंड फायरिंग करता नजर आया। एक गोली हवा में चली और दूसरी कार पर लगी।
पुलिस जांच में इस फायरिंग के पीछे मयंक सिंह का नाम सामने आया और उसे मुख्य आरोपी माना गया। कोर्ट ने उसके खिलाफ प्रोडक्शन वारंट जारी किया था, जिसके बाद उसे ट्रांजिट रिमांड पर रायपुर लाया गया। मामले की जांच और पूछताछ जारी है।



