कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व जनपद सदस्य अक्षय गर्ग की दिनदहाड़े निर्मम हत्या से सनसनी फैल गई है। कटघोरा थाना क्षेत्र के ग्राम केशलपुर में मंगलवार सुबह करीब 9 से 10 बजे के बीच हमलावरों ने चाकू और कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार कर अक्षय गर्ग को मौत के घाट उतार दिया।
जानकारी के अनुसार, अक्षय गर्ग प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के तहत बन रही सड़क के निर्माण स्थल पर गए हुए थे। इसी दौरान एक काले रंग की कार में सवार होकर तीन हमलावर मौके पर पहुंचे और अचानक उन पर हमला कर दिया। हमलावरों ने सिर, गर्दन, हाथ, पेट, पीठ सहित शरीर के कई हिस्सों पर बेरहमी से वार किए और वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए।
गंभीर रूप से घायल अक्षय गर्ग को तत्काल कटघोरा के स्थानीय अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही कटघोरा थाना प्रभारी धर्म नारायण तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। जिला पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल और कटघोरा के लिए रवाना हो गए हैं। इलाके में नाकाबंदी कर हमलावरों की तलाश शुरू कर दी गई है।
प्रारंभिक तौर पर हत्या के पीछे पुरानी रंजिश की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस सभी एंगल से मामले की जांच कर रही है। इस सनसनीखेज वारदात के बाद क्षेत्र में शोक, आक्रोश और भय का माहौल है। परिजन, शुभचिंतक और बड़ी संख्या में कटघोरा के लोग अस्पताल के बाहर जमा हैं। पुलिस ने जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया है।



