रायपुर। राजधानी रायपुर में पिछले महीने मिली एक युवती की लाश के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। यह मामला सिर्फ एक हत्या नहीं, बल्कि हवस, बेरहमी और शातिर अपराध की खौफनाक कहानी निकला।
न्यू राजेन्द्र नगर इलाके में मिली युवती की लाश की गुत्थी सुलझाते हुए पुलिस ने मुख्य आरोपी हरीश पटेल को उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया है कि आरोपी न केवल हत्या में शामिल था, बल्कि अपने साथियों के साथ मिलकर शहर में चोरी की कई वारदातों को भी अंजाम दे चुका है।
होटल में दबाव, विरोध पर गमछे से गला घोंटा
पुलिस के मुताबिक 20 नवंबर को आरोपी हरीश पटेल अपनी 16 वर्षीय नाबालिग गर्लफ्रेंड को मिलने के बहाने दुर्ग बुलाकर एक होटल ले गया। उसने होटल में दो कमरे बुक किए थे। वहां आरोपी और उसके एक साथी ने युवती पर शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बनाया। युवती के विरोध करने पर दोनों ने मिलकर गमछे से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी।
बाइक पर लाश लेकर 40 KM का सफर
हत्या के बाद पकड़े जाने के डर से आरोपियों ने रूह कंपा देने वाली साजिश रची। युवती की लाश को मोटरसाइकिल के बीच में बिठाकर दुर्ग से रायपुर तक करीब 40 किलोमीटर का सफर तय किया गया। इसके बाद अमलीडीह इलाके के एक खाली प्लॉट में शव फेंककर आरोपी फरार हो गए।
मृतका एक केटरिंग कंपनी में काम करती थी, जिसे आरोपी बॉयफ्रेंड मिलने के लिए दुर्ग बुलाकर ले गया था।
CCTV से खुली हत्या की परतें
22 नवंबर को शव मिलने के बाद आईजी अमरेश मिश्रा के निर्देश पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) और रायपुर पुलिस की संयुक्त टीम बनाई गई।
सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर पुलिस का शक देवार बस्ती निवासी शातिर चोर हरीश पटेल पर गया।
पुलिस टीमों ने महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश और उत्तर प्रदेश में लगातार दबिश दी और अंततः आरोपी को प्रयागराज से गिरफ्तार कर लिया।
चोरी के 11 मामलों का भी खुलासा
पूछताछ में आरोपी ने बड़ा कबूलनामा किया। उसने बताया कि वह अपने साथी अरविंद नेताम और उषा राठौर के साथ मिलकर विधानसभा, डीडी नगर और मुजगहन इलाके में 11 सूने मकानों में चोरी कर चुका है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से:
करीब 400 ग्राम सोने के जेवर
3 किलो चांदी
नकदी
मोबाइल फोन
बरामद किए हैं। जब्त मशरूका की कुल कीमत करीब 60 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस टीम की बड़ी कामयाबी
इस पूरे मामले में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट के प्रभारी निरीक्षक सचिन सिंह, न्यू राजेन्द्र नगर, विधानसभा और डीडी नगर थाना प्रभारियों सहित पूरी पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।
पुलिस अब मामले में फरार एक अन्य आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।
यह मामला बताता है कि जब हवस और अपराध मिलते हैं, तो इंसानियत किस कदर शर्मसार हो जाती है।



