जांजगीर-चांपा। पोस्ट ऑफिस चांपा में मासिक किस्त जमा कराने के नाम पर एक एजेंट द्वारा बड़े पैमाने पर धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोपी एजेंट दीपक देवांगन ने बीते 5 वर्षों में करीब 200 खाताधारकों से 1 करोड़ रुपए से अधिक की रकम गबन कर ली।
यह भी पढ़े :- नए साल से बदलेगी छत्तीसगढ़ की सरकारी व्यवस्था, 1 जनवरी से सभी सरकारी दफ्तरों में पूरी तरह ऑनलाइन होगा कामकाज
मामले में एक पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पीड़ित की शिकायत से खुला पूरा घोटाला
चांपा निवासी राजकुमार देवांगन ने 16 दिसंबर को चांपा थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि वर्ष 2018 से उसके पोस्ट ऑफिस चांपा में दो खाते थे, जिनमें वह एजेंट दीपक कुमार देवांगन के माध्यम से हर महीने 1500 रुपए की मासिक किस्त जमा करता था।
राजकुमार के अनुसार उसने कुल 66,000 रुपए जमा करने दिए, लेकिन खाते में सिर्फ 6,900 रुपए ही जमा किए गए। शेष 59,100 रुपए की राशि आरोपी ने फर्जी एंट्री, जाली हस्ताक्षर और पोस्ट ऑफिस की नकली सील लगाकर हड़प ली।
200 खाताधारकों से करोड़ों की ठगी
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी दीपक देवांगन ने इसी तरह करीब 200 खाताधारकों की मासिक किस्तें लेकर पिछले पांच वर्षों में 1 करोड़ रुपए से अधिक की धोखाधड़ी को अंजाम दिया।
पूछताछ में कबूला जुर्म
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की विवेचना शुरू की और आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने धोखाधड़ी करना स्वीकार कर लिया।
आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने ठगी से प्राप्त रकम ऑनलाइन बेटिंग एप्स के जरिए गंवा दी।
पुलिस ने क्या-क्या किया जब्त
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से
- 1 मोबाइल फोन
- 2 फर्जी सिम कार्ड
- 4 बैंक खाते से जुड़े दस्तावेज
- करीब 150 पोस्ट ऑफिस खातों के दस्तावेज
- एजेंट का लाइसेंस सहित अन्य महत्वपूर्ण कागजात
जप्त किए हैं।
कोर्ट में पेश, जेल भेजा गया
आरोपी दीपक देवांगन को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस अब अन्य पीड़ितों की पहचान और कुल धोखाधड़ी की रकम का आकलन कर रही है।



