भिलाई : शहर में लगातार मंदिरों में हो रही चोरियों से परेशान पुलिस को आखिरकार बड़ी सफलता हाथ लगी है। भिलाई मंदिर चोरी मामला में पुलिस ने सीरियल चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो मुख्य आरोपियों के साथ चोरी का माल खरीदने वाले अनूपपुर के एक ज्वेलर्स को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में चोरी में प्रयुक्त बाइक, औजार और करीब 2 लाख रुपये कीमत का कीमती मशरूका बरामद किया गया है। इस खुलासे से शहर के कुल पांच मंदिरों में हुई चोरियों का राज सामने आ गया है।
पुलिस के अनुसार, 7 अगस्त 2025 को फल मंडी पावर हाउस स्थित हनुमान मंदिर, 5 नवंबर को सेक्टर-5 कांचीकमाछी मंदिर, 12 नवंबर को फरीद नगर दुर्गा मंदिर और 14 दिसंबर को काली मंदिर सुपेला में ताले व दानपेटी चोरी की घटनाएं हुई थीं। इसके अलावा 15–16 दिसंबर की रात सेक्टर-6 स्थित बालाजी मंदिर में चोरी का प्रयास भी किया गया था। लगातार घटनाओं से पुलिस पर दबाव बढ़ गया था।
सघन चेकिंग के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि सपना टॉकीज पावर हाउस के पीछे दो युवक संदिग्ध रूप से रात में घूमते हैं। पूछताछ में उनकी पहचान रामचंद राठौर (29) और मुकेश जायसवाल (28) के रूप में हुई। तलाशी में उनकी बाइक से सब्बल बरामद हुआ। पूछताछ में दोनों ने मंदिरों में चोरी की वारदातें कबूल कीं।
जांच में सामने आया कि चोरी के चांदी के छत्र, मुकुट और अन्य सामान अनूपपुर के विकास सोनी ज्वेलर्स को बेचे गए थे। इसके बाद ज्वेलर्स संचालक विकास सोनी (40) को भी गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने कुल 6,693 रुपये नकद, चांदी के जेवरात, मोबाइल और टैबलेट बरामद किए हैं।
तीनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि भिलाई मंदिर चोरी मामला जैसे संवेदनशील अपराधों पर आगे भी सख्त निगरानी जारी रहेगी।



