रायपुर : छत्तीसगढ़ के रायपुर जिले के आरंग थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध गांजा तस्करी के एक मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से न केवल भारी मात्रा में गांजा, बल्कि दो संरक्षित वन्य जीव गोह (गोईहा) और नकद राशि भी बरामद की गई है।
यह भी पढ़े :- छत्तीसगढ़ के मेडिकल कॉलेज स्नातकोत्तर कोर्स भर्ती में जीरो ईयर होने का खतरा
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट तथा थाना आरंग पुलिस की संयुक्त टीम को सूचना मिली थी कि इंदिरा चौक स्थित मोनू ब्रायलर दुकान के पास एक्टिवा स्कूटी में सवार एक व्यक्ति गांजा रखकर बिक्री की फिराक में है। सूचना पर टीम ने मौके पर पहुंचकर संदिग्ध को पकड़कर तलाशी ली।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम हुकुमत साहू, निवासी देवारपारा-तेलीबांधा, रायपुर बताया। तलाशी के दौरान स्कूटी की डिक्की से 5 किलो अवैध गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 2 लाख 50 हजार रुपये बताई गई, बरामद किया गया। इसके अलावा एक थैले से दो संरक्षित वन्य जीव गोह (गोईहा) तथा 1 लाख 27 हजार 260 रुपये नकद भी जब्त किए गए।
पुलिस द्वारा आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच करने पर पता चला कि उसके खिलाफ हत्या, मारपीट सहित करीब 15 आपराधिक मामले पूर्व से दर्ज हैं।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट एवं वन्य प्राणी संरक्षण अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया है। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 3 लाख 77 हजार रुपये आंकी गई है। आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
वहीं, बरामद दोनों संरक्षित वन्य जीव गोह को वन विभाग की उपस्थिति में सुरक्षित रूप से जंगल में छोड़ दिया गया। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी किसी संगठित तस्करी गिरोह से जुड़ा हुआ है या नहीं।



