New Year Trip 2026: हर कोई चाहता है कि नया साल शांति, सुकून और प्रकृति के करीब बिताया जाए। लेकिन दूर-दराज के हिल स्टेशन या टूरिस्ट डेस्टिनेशन पर जाना अक्सर महंगा पड़ जाता है। ऐसे में अगर आप कम बजट में खूबसूरत नज़ारों और शांत माहौल का आनंद लेना चाहते हैं, तो बिलासपुर घूमने की जगहें आपके लिए एक बेहतरीन विकल्प बन सकती हैं।
छत्तीसगढ़ का बिलासपुर शहर प्रकृति प्रेमियों के लिए किसी जन्नत से कम नहीं है। यहां बांध, जंगल, पहाड़ और नेचर कैंप जैसी कई ऐसी जगहें हैं, जो सर्दियों के मौसम में परिवार और दोस्तों के साथ घूमने के लिए बिल्कुल परफेक्ट हैं। खास बात यह है कि यहां पहुंचना आसान है और खर्च भी ज्यादा नहीं आता।
बिलासपुर शहर से करीब 30 किलोमीटर दूर स्थित खुटाघाट बांध हरियाली, पानी और खुले नज़ारों के लिए जाना जाता है। न्यू ईयर पिकनिक के लिए यह जगह लोगों की पहली पसंद बन रही है। वहीं, शहर से 20 किलोमीटर दूर भैंसाझार बांध न्यू ईयर डे ट्रिप के लिए शानदार लोकेशन है, जहां परिवार के साथ आराम से पिकनिक सेटअप किया जा सकता है।
अगर दोस्तों और फैमिली के साथ खुली जगह में समय बिताना चाहते हैं, तो बकोटा बांध एक शानदार विकल्प है। चारों ओर फैला पानी और खुला आसमान इसकी खूबसूरती को और बढ़ा देता है। प्रकृति के बीच सुकून चाहिए तो खोंधरा नेचर कैंप जरूर जाएं, जहां जंगल, प्राकृतिक जल स्रोत और शांत रास्ते मन को सुकून देते हैं।
वहीं, पक्षी प्रेमियों के लिए कोपरा जलाशय किसी स्वर्ग से कम नहीं है। सर्दियों में यहां आने वाले पक्षियों की वजह से नज़ारा और भी मनमोहक हो जाता है। नए साल पर बिलासपुर घूमने की जगहें चुनकर आप कम खर्च में यादगार जश्न मना सकते हैं।



