भिलाई। दुर्ग जिले के सुपेला थाना अंतर्गत स्मृतिनगर चौकी क्षेत्र से दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग का गंभीर मामला सामने आया है। यहां बीबीए की पढ़ाई कर रही 18 वर्षीय छात्रा को CFA कोर्स में एडमिशन दिलाने का झांसा देकर आरोपी ने न केवल दुष्कर्म किया, बल्कि अश्लील वीडियो बनाकर उससे लाखों रुपये की वसूली भी की।
यह भी पढ़े :- DSP पर जानलेवा हमला: एक साल पुराने रेप केस की आरोपी महिला निकली हमलावर
पीड़िता की शिकायत पर सुपेला थाना पुलिस ने आरोपी दीपक ठाकुर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64(2)(एम) एवं 308(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
पीड़िता के अनुसार वह भिलाई के एक कॉलेज में बीबीए की छात्रा है। बीबीए सेमेस्टर परीक्षा के दौरान उसकी मुलाकात एक युवती से हुई, जिसने उसे अपने मुंहबोले भाई दीपक ठाकुर से मिलवाया। युवती ने बताया कि दीपक की कलिंगा विश्वविद्यालय, नया रायपुर में अच्छी पहचान है और वह CFA कोर्स में आसानी से प्रवेश दिला सकता है।
इसके बाद मोबाइल फोन पर बातचीत शुरू हुई। 9 अगस्त 2025 को आरोपी ने CFA कोर्स का फॉर्म भरवाने के बहाने छात्रा को भिलाई स्थित होटल लैंडमार्क बुलाया, जहां उसने जबरन शारीरिक संबंध बनाए और अश्लील वीडियो रिकॉर्ड कर लिया।
पीड़िता का आरोप है कि 1 नवंबर 2025 को आरोपी ने वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसे दोबारा उसी होटल में बुलाया और फिर से दुष्कर्म किया। साथ ही CFA कोर्स में एडमिशन दिलाने के नाम पर उससे बड़ी रकम की मांग की गई।
पीड़िता के मुताबिक उसने आरोपी को 7.50 लाख रुपये नकद दिए। इसके बाद भी आरोपी ने वीडियो वायरल करने की धमकी देकर 2 लाख रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करवाए। इस तरह आरोपी ने कुल 9.50 लाख रुपये की अवैध वसूली की।
मामले की शिकायत मिलने के बाद 16 दिसंबर को पुलिस ने अपराध दर्ज कर लिया है। आरोपी की तलाश जारी है और पुलिस इस मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच कर रही है।



