बिलासपुर। मस्तूरी थाना क्षेत्र में सेवा सहकारी समिति एरमसाही के धान खरीदी केंद्र में गंभीर अनियमितता करने वाले कंप्यूटर ऑपरेटर को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी कांशी राम खूंटे ने 920 क्विंटल धान की फर्जी खरीदी दिखाकर शासन को 28 लाख 52 हजार रुपए का नुकसान पहुंचाया।
जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मस्तूरी के मैनेजर सुशील पनोरे ने इस मामले की लिखित शिकायत पुलिस को दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि खरीफ वर्ष 2025 के दौरान धान खरीदी केंद्र में फर्जी प्रविष्टियों के माध्यम से धान की वास्तविक मात्रा में हेराफेरी की गई। भौतिक सत्यापन के दौरान यह कमी उजागर हुई।
शिकायत के बाद गठित संयुक्त जांच दल ने धान केंद्र का भौतिक सत्यापन किया और 920 क्विंटल धान की कमी पाई। जांच में पता चला कि यह कार्रवाई धान उपार्जन नीति 2025 का उल्लंघन थी। आरोपी ने जानबूझकर कंप्यूटर में फर्जी प्रविष्टियां कर खरीदी दर्शाई, जबकि केंद्र में उतनी धान मौजूद ही नहीं थी।
पुलिस ने आरोपी कांशी राम खूंटे को उसके निवास ग्राम एरमसाही से गिरफ्तार कर लिया है और मामले की आगे की जांच जारी है।



