रायपुर। राजधानी रायपुर में DSP कल्पना वर्मा और कारोबारी दीपक टंडन के बीच चल रहा विवाद अब पुलिस और प्रशासन के लिए गंभीर चुनौती बनता जा रहा है। मामले में जांच तेज कर दी गई है और FIR दर्ज होने की संभावना जताई जा रही है। विवाद लेन-देन से जुड़ा बताया जा रहा है, जिसकी शिकायत कारोबारी दीपक टंडन ने पंडरी थाना में दर्ज कराई थी।
यह भी पढ़े :- भारी गिरावट या उछाल? आज शुक्रवार को सोना खरीदने वालों के लिए बड़ी खबर, देखें लेटेस्ट प्राइस लिस्ट
बीते दिनों दीपक टंडन ने अपनी पत्नी बरखा टंडन के साथ पुलिस के समक्ष बयान दर्ज कराया था। इसके बाद DSP कल्पना वर्मा को भी रायपुर SSP कार्यालय बुलाया गया, जहां वे अपने भाई राकेश वर्मा और पिता हेमंत वर्मा के साथ पहुंचीं। SSP कार्यालय में DSP कल्पना वर्मा से करीब तीन घंटे तक पूछताछ की गई।
पूछताछ के दौरान पुलिस अधिकारियों ने उनके बयान के साथ-साथ लेन-देन से जुड़े दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों की भी बारीकी से जांच की। पुलिस का कहना है कि जांच का उद्देश्य मामले के सभी पहलुओं का निष्पक्ष और कानूनी रूप से विश्लेषण करना है।
इस पूरे मामले की जांच रायपुर ASP कीर्तन राठौर को सौंपी गई है। ASP राठौर और उनकी टीम दोनों पक्षों के बयानों और सबूतों का तुलनात्मक अध्ययन कर रही है। प्रारंभिक जांच में कई संवेदनशील तथ्य सामने आए हैं, जिन पर गहन पड़ताल की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जांच पूरी होने के बाद विस्तृत रिपोर्ट रायपुर रेंज के IG को सौंपी जाएगी, जिसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई तय होगी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए उच्च स्तरीय जांच जारी है। पुलिस प्रशासन ने मीडिया और आम जनता से संयम बनाए रखने की अपील की है और कहा है कि जांच पूरी होने से पहले किसी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं होगा।



